यमकेश्वर, महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल की देवभूमि उद्यमिता एवं कौशल विकास समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर योगेश कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उप निरीक्षक गिरजेश चंद्र त्रिपाठी, पुलिस स्टेशन यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।अपने व्याख्यान में त्रिपाठी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का अनुपालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की स्थिति में वाहन न चलाने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया।कार्यशाला का मंच संचालन डॉ. नीरज नौटियाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में देवभूमि उद्यमिता एवं कौशल विकास समिति के संयोजक डॉ. गिरिराज सिंह ने मुख्य वक्ता, प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर ऋतु कश्यप, डॉ. तनुजा बिष्ट, डॉ. विकास रंजन कुमार, डॉ. विनय के. पाण्डेय, डॉ. दीपा शर्मा, डॉ. सुनील देवराड़ी, पूजा रानी, डॉ. हिमानी बडोनी, डॉ. केशव प्रसाद डबराल सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात संकेतों एवं सुरक्षित वाहन संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।