स्वाद और सेहत का अनूठा संगम: बिथ्याणी कॉलेज के बच्चों ने ‘गढ़ भोज दिवस’ पर परोसे विलुप्त होते पहाड़ी पकवान, कद्दू के फूल की पकौड़ी और पत्यूड़ ने जीता सबका दिल – Tirth Nagri Uttarakhand

स्वाद और सेहत का अनूठा संगम: बिथ्याणी कॉलेज के बच्चों ने ‘गढ़ भोज दिवस’ पर परोसे विलुप्त होते पहाड़ी पकवान, कद्दू के फूल की पकौड़ी और पत्यूड़ ने जीता सबका दिल

यमकेश्वर,   महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में आज ‘गढ़ भोज दिवस’ एवं सेवा संकल्प सप्ताह को अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। उत्तराखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, पहाड़ी अनाजों और स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में भव्य सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों व छात्र छात्राओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में सफाई कार्य किया गया। गढ़भोज दिवस के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए पारंपरिक पहाड़ी फूड स्टाल पूरे कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।कॉलेज के बच्चों द्वारा लगाए गए स्टालों पर अरबी के पत्तों की रबड़ी, मंडुवे की रोटी, झंगोरे का पाल्यओ, मंडुवे के गुलगुले और पत्यूड़ (patyur) जैसे दुर्लभ पहाड़ी व्यंजन मुख्य आकर्षण रहे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बेहद पसंद की जाने वाली बाड़ी, मंडुवे की पूरी, उड़द की पकौड़ी, कद्दू के फूल की पकौड़ी, उड़द की दाल और पारंपरिक स्वांल के स्टालों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।इस कार्यक्रम में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक गण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने बच्चों द्वारा बनाए गए लजीज पकवानों का स्वाद चखा और उनके हुनर की जमकर तारीफ की। इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा ने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने व युवा पीढ़ी को फास्ट फूड की संस्कृति से दूर रहकर औषधीय गुणों से भरपूर पहाड़ी भोजन के प्रति जागरूक किया।छात्र छात्राओं द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों के स्टॉल ने यह साबित कर दिया कि पहाड़ का पारंपरिक भोजन न सिर्फ पौष्टिक है बल्कि बेहद स्वादिष्ट भी है।  कार्यक्रम का संचालन रोवर रेंजर्स समन्वयक डॉ.रितु कश्यप एवं राष्ट्रीय सेवा योजना सहसमन्वयक डॉ. हिमानी बडोनी द्वारा किया गया।मंच संचालन डॉ. नीरज नौटियाल ने किया।बैठक में सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *