ऋषिकेश,नगर निगम ऋषिकेश महापौर श्री शम्भू पासवान ने आज विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के अभियंताओं के साथ त्रिवेणी घाट पर संचालित नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं अभियंताओं से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही निर्माण कार्यों के ब्लूप्रिंट एवं 3डी लेआउट का अवलोकन कर विभिन्न निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं व्यावहारिक स्थिति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि घाट के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने तथा भविष्य में भू-कटाव की समस्या से बचाव के लिए 8.5 मीटर ऊंची रिटेनिंग वॉल, एक मीटर मोटी राफ्ट एवं पीसीसी फाउंडेशन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वार, सीढ़ियों एवं रैंप का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को भी घाट तक पहुंचने में सुगमता रहेगी। परिसर में महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय ब्लॉक तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लैंडस्केपिंग एवं पौधारोपण के लिए ग्रीन जोन भी विकसित किए जा रहे हैं।