ऋषिकेश, निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी (एनजीए), खैरी कलां में आयोजित 14वीं अंतरसदनीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं कला-शिल्प प्रदर्शनी का गुरुवार को हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए लव सदन ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का खिताब प्रहलाद सदन ने हासिल किया।यह आयोजन विद्यालय के संस्थापक परम पूज्य महंत बाबा राम सिंह महाराज की कृपा एवं संरक्षक संत बाबा जोध सिंह महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि मनदीप सिंह ग्रेवाल (महासचिव, बास्केटबॉल एसोसिएशन उत्तराखंड), विशिष्ट अतिथि अरुण सिंह (नेशनल कोच, इंडिया पैराशूटिंग टीम एवं फाउंडर डायरेक्टर, बुल्स आई शूटिंग अकादमी) तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं पैरा नेशनल अवॉर्डी साक्षी चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ चारों सदनों—प्रहलाद, श्रवण, लव एवं कुश के आकर्षक मार्च पास्ट एवं मुख्य अतिथि को सलामी देने के साथ हुआ। विद्यालय के खेल कप्तान दिव्यांशु नौटियाल एवं गायत्री सिकदर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित की। इसके पश्चात चारों सदनों के क्रीड़ा प्रमुखों के साथ मशाल लेकर ट्रैक का चक्कर लगाया गया और निर्धारित स्थल पर उसे स्थापित किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारों की उड़ान ने समारोह को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया।समारोह में विद्यार्थियों ने शबद कीर्तन, ‘राम आएंगे’ भजन पर आकर्षक क्लैप पीटी, गणेश नृत्य, दीपावली थीम पर हुलाहूप नृत्य, शिव स्तुति पर आधारित योग प्रदर्शन तथा कराटे एवं मार्शल आर्ट की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों
आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति, शारीरिक स्वास्थ्य एवं आत्मरक्षा का सुंदर संदेश दिया और उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। खेल प्रमुख दिनेश पैन्यूली ने अवगत कराया की, खेल प्रतियोगिताओं में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100, 200, 400, 800 एवं 1600 मीटर दौड़, 4×200 मीटर रिले रेस, साइकिल रेस, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। वहीं, प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए आकर्षक फन रेस आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण टग ऑफ वार रहा, जिसमें वरिष्ठ बालिका वर्ग में लव सदन तथा बालक वर्ग में श्रवण सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर मंजीत सिंह (पूर्व मैनेजर, पीएसबी श्यामपुर), अजय शर्मा (जनरल मैनेजर, एनईआई), ललिता कृष्णास्वामी (प्रधानाचार्या, एनडीएस), नीरू अरोड़ा (हेडमिस्ट्रेस), ओम प्रकाश गुप्ता (हॉकी कोच),
वायुसेना अधिकारी डी.पी. रतूड़ी, चमन पोखरियाल, कल्पना बलोदी, आरती, कुलभूषण सिंह, नरेंद्र सिंह, हरविंदर सिंह, बॉबी, सरदार निर्मल सिंह, गौरव त्रिपाठी, विनोद कुमार, निर्मला रावत सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।