रुड़की, उत्तराखंड के युवाओं को स्वरोजगार, नवाचार एवं उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की के TIDES के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय आवासीय उद्यमिता बूटकैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। बूटकैंप में कुल 102 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता एवं नवाचार की भावना विकसित करना तथा उन्हें अपने व्यावसायिक विचारों को सफल स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान एवं मार्गदर्शन प्रदान करना था। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्टार्टअप इकोसिस्टम, बिजनेस मॉडल कैनवास, डिजाइन थिंकिंग, मार्केट रिसर्च, वैल्यू प्रपोजिशन, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांडिंग एवं प्रभावी पिचिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न टीमों में कार्य करते हुए अपने स्टार्टअप आइडिया विकसित किए और अंतिम दिन विशेषज्ञों के समक्ष अपने व्यावसायिक विचारों की प्रस्तुति दी। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने स्टार्टअप की सफलता के लिए स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग, ग्राहकों की आवश्यकताओं को समझने, मजबूत बिजनेस मॉडल तैयार करने तथा नवाचार के महत्व पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक व्यवसाय में बदलने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। समापन समारोह में IIT रुड़की की प्राध्यापक डॉ. शिवानी शर्मा एवं कार्यक्रम प्रबंधक चंदन साहनी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। देवभूमि उद्यमिता योजना की विशेषज्ञ सपना नेगी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नवाचार, रचनात्मक सोच और स्वरोजगार के अवसरों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. गिरिराज, डॉ. ऋतु कश्यप एवं डॉ. अर्चना ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। बूटकैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन आगामी छह दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम (EDP) के लिए किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक विचारों को विकसित कर सफल स्टार्टअप के रूप में स्थापित करने के लिए विस्तृत प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस बूटकैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्यमिता की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई और वे भविष्य में नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में प्रेरित हुए।