जिला पशु चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में विशेषकर निराश्रित पशुओं में फैल रहे लम्पी रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश
जिला पशु चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में विशेषकर निराश्रित पशुओं में फैल रहे लम्पी रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश
ऋषिकेश, विधानसभा क्षेत्र में पशुओं में फैल रहे लम्पी रोग को लेकर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने जिला पशु चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में विशेषकर निराश्रित पशुओं में फैल रहे लम्पी रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।डॉ. अग्रवाल ने कहा कि लम्पी रोग एक संक्रामक बीमारी है, ऐसे में समय रहते इसके प्रसार को रोकना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संक्रमित पशुओं की पहचान कर उनके उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यह बीमारी अन्य पशुओं में न फैल सके। उन्होंने कहा कि निराश्रित पशुओं के साथ-साथ क्षेत्र के पशुपालकों के पशुओं को भी इस बीमारी के प्रकोप से बचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही आवश्यक टीकाकरण, उपचार एवं रोकथाम संबंधी उपायों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पशुपालक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पशुओं में बीमारी फैलने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए विभाग पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पशुपालकों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लम्पी रोग के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन एवं पशु चिकित्सा विभाग के स्तर से हरसंभव आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि पशुओं को सुरक्षित रखा जा सके और पशुपालकों को राहत मिल सके।