ऑस्ट्रेलिया ने रोका भारत का विजय रथ, सुल्तान ऑफ जोहोर में 0-4 से हारने के बाद भी टॉप पर बरकरार – Tirth Nagri Uttarakhand

ऑस्ट्रेलिया ने रोका भारत का विजय रथ, सुल्तान ऑफ जोहोर में 0-4 से हारने के बाद भी टॉप पर बरकरार

ऑस्ट्रेलिया ने भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम के अजेय अभियान पर विराम लगाते हुए बुधवार को सुल्तान ऑफ जोहोर हॉकी टूर्नामेंट में 4-0 से जीत दर्ज की। भारत की अग्रिम पंक्ति को ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस को भेदने के लिए जूझना पड़ा, जबकि पैट्रिक एंड्रयू (29वें मिनट) ने विरोधी टीम का खाता खोला जिसके बाद डेकिन स्टेंगर (33वें, 39वें और 53वें मिनट) ने हैट्रिक बनाकर टीम की आसान जीत सुनिश्चित की।

इस हार के बावजूद भारत नौ अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर चल रहा है जबकि ऑस्ट्रेलिया सात अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड आठ अंक के साथ दूसरे पायदान पर है।

भारत ने अब तक तीन मुकाबले जीते हैं और राउंड रोबिन में उसे एक मैच और खेलना है जिससे टीम फाइनल में जगह बनाने की प्रबल दावेदार है। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही भारत के खिलाफ दबदबा बनाया। टीम को पहले क्वार्टर के अंतिम लम्हों में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर बिक्रमजीत सिंह ने गोल नहीं होने दिया।

अली खान ने भी 18वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल बचाया। पलटवार करते हुए भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस को नहीं भेद पाई। दोनों टीमों ने इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर मौके गंवाए। ऑस्ट्रेलिया के एंड्रयू ने हालांकि 29वें मिनट में बाएं छोर से रिवर्स हिट पर गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

मध्यांतर के बाद डेकिन ने तीसरे ही मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय टीम संभल पाती इससे पहले डेकिन ने एक और गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 3-0 की। भारतीय टीम ने इसके बाद कुछ मौके बनाए लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। डेकिन ने 53वें मिनट में एक और गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और टीम को 4-0 से जीत दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *