ऋषिकेश, जिला कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि पशुलोक बैराज से पूर्व गंगा नदी के बीच बने एक टापू पर एक व्यक्ति फँसा हुआ है, जो हाथों से इशारा कर सहायता की गुहार लगा रहा है।सूचना प्राप्त होते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात SDRF, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल ने बिना विलंब संयुक्त रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया। टीम राफ्ट के माध्यम से घटनास्थल पर पहुँची, जहाँ पाया गया कि संबंधित व्यक्ति टापू के दलदली हिस्से में फँसा हुआ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति रामझूला क्षेत्र से गंगा नदी के तेज बहाव में बह गया था और बहते हुए पशुलोक बैराज से पूर्व बने टापू पर पहुँचकर दलदल में फँस गया। उसी दौरान घाट पर घूम रहे कुछ पर्यटकों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी।SDRF, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने अत्यंत सावधानी एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को सुरक्षित दलदल से बाहर निकाला तथा राफ्ट के माध्यम से किनारे लाकर सकुशल रेस्क्यू किया।रेस्क्यू के उपरांत व्यक्ति को आवश्यक कार्रवाई हेतु AIIMS चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के लिए उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया।रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान *विनोद सिंह पुत्र तेज बहादुर, आयु लगभग 50 वर्ष, निवासी शीशम झाड़ी ,मुनि की रेती के रूप में हुई।* उन्होंने बताया कि वे परमार्थ निकेतन के पास भेलपुरी का ठेला लगाते हैं तथा रामझूला क्षेत्र में पैर फिसलने के कारण गंगा नदी में गिरकर तेज बहाव में बह गए थे, जिसके बाद वे टापू पर फँस गए।