18वें संस्कृत महोत्सव के खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता कार्यक्रम का समापन

ऋषिकेश, जयराम संस्कृत महाविद्यालय, ऋषिकेश में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान (उत्तराखंड सरकार) हरिद्वार द्वारा आयोजित 18वें संस्कृत महोत्सव के खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यार्थियों द्वारा डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। आयोजकों ने पटका एवं माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। डॉ. अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है और भारतीय संस्कृति, ज्ञान एवं परंपरा को समझने में इसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। संस्कृत प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ता है तथा उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने संस्कृत के विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्कृत भाषा के अध्ययन और प्रचार-प्रसार के लिए युवा पीढ़ी की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रदीप शर्मा, दीप शर्मा, पार्षद  रीना शर्मा,  दर्शन लाल गैरोला, प्रधानाचार्य कृष्णा प्रसाद उनियाल, पूर्व प्रधानाचार्य  मायाराम रतूड़ी, कार्यक्रम संयोजक  सूर्य प्रकाश रतूड़ी,  नवीन भट्ट,  सुभाष डोभाल, डॉ. गिरीश पांडे सहित शिक्षकगण, आयोजक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *