वार्षिकोत्सव में प्रतिभा का सम्मान: 78 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति के तहत मिला पुरस्कार

Tun news, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता (रायपुर) देहरादून में दिनांक 11 अप्रैल 2026 को आयोजित वार्षिकोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के कुल 78 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी बना रहा।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय प्रकाश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा जीवन में उच्च आदर्श स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना की संयोजक ऋतु कश्यप ने विद्यार्थियों को योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस योजना की सफलता में महाविद्यालय के प्राध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करती है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है।इस अवसर पर बीकॉम के छात्र अनिकेत, एमएससी गणित के छात्र अनिरुद्ध सक्सेना तथा एमएससी जंतु विज्ञान की छात्राएं अंजलि, खुशी उनियाल एवं सुष्मिता पवार भी सम्मानित छात्र-छात्राओं में शामिल रहे।इस योजना की समिति के सदस्य डॉ. रामचंद्र सिंह नेगी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई और छात्रवृत्ति योजना के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से छात्र-छात्राएं भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *