यमकेश्वर, महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय स्नातक महाविद्यालय, बिथ्यानी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल में अखिल भारतीय शिक्षा समागम (ABSS) एवं रोवर-रेंजर के संयुक्त तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत स्लोगन प्रतियोगिता का प्रेरणादायी एवं देशभक्तिपूर्ण आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय चेतना की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। प्रतियोगिता में 29 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। छात्र-छात्राओं द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर अत्यंत सुंदर, प्रभावशाली एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत स्लोगन तैयार किए गए।
प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर दिखाई दिया। छात्र-छात्राओं ने अपने स्लोगनों के माध्यम से राष्ट्रध्वज की गरिमा, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने प्रेम को अभिव्यक्त किया। उनके द्वारा लिखे गए संदेशों में “आन हमारी, शान हमारी, तिरंगा है पहचान हमारी” तथा “हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा” जैसे भावपूर्ण संदेश विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहे।
इसी क्रम में छात्र-छात्राओं ने “केसरिया, सफेद और हरे रंग की शान, हर घर फैलाएँ अपना प्यार, राष्ट्रध्वज महान” जैसे प्रेरणादायी स्लोगनों के माध्यम से तिरंगे के तीनों रंगों की गरिमा और राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान को अभिव्यक्त किया।
**“आन हमारी, शान हमारी,
तिरंगा है पहचान हमारी।
हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।”**
कार्यक्रम का आयोजन डॉ ऋतु कश्यप, प्रभारी अखिल भारतीय शिक्षा समागम (ABSS) एवं रोवर-रेंजर, के निर्देशन एवं संयोजन में किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज केवल तीन रंगों का प्रतीक नहीं, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, त्याग, शांति, समृद्धि और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें तथा देशभक्ति को अपने जीवन के व्यवहार में उतारें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बढ़-चढ़कर ऐसे आयोजनों में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. तनुजा बिष्ट, डॉ. विकास रंजन कुमार, डॉ. गिरिराज सिंह, डॉ. वी. के. पांडे, डॉ. सुनील प्रसाद, डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. पूजा रानी, डॉ. हिमानी बडोनी, डॉ. केशव डबराल, डॉ. एस. के. चौबे सहित अन्य शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उत्साह और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की गई। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल हमारे हाथों में नहीं, बल्कि हमारे हृदय में भी सदैव सम्मान के साथ लहराता रहे।