ऋषिकेश, निर्मल दीपमाला पब्लिक स्कूल में विद्यालय के संस्थापक महंत राम सिंह जी महाराज एवं व्यवस्थापक संत जोध सिंह जी महाराज के आशीर्वाद से तृतीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एम यू एन) कार्यक्रम का विद्यालय के सुसज्जित सभागार में उत्साह पूर्वक शुभारंभ हुआ । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, अंतरराष्ट्रीय संबंधों की समझ विकसित करना तथा उनमें नेतृत्व, संवाद एवं निर्णय लेने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम का शुभारंभ फुटहिल्स स्कूल के प्रधानाचार्य श्री विकल गुप्ता और रेड फोर्ट स्कूल की प्रधानाचार्या डॉक्टर तरंग बेली ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी ने मुख्य अतिथियों को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। विविध स्कूलों के लगभग 187 छात्र प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की ।कार्यक्रम में विचार-विमर्श, प्रश्न- उत्तर, समूह चर्चा एवं प्रस्ताव प्रस्तुत करने जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र संघ का वास्तविक अनुभव प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, तार्किक अभिव्यक्ति, कूटनीतिक संवाद तथा टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बनाने के साथ-साथ मनोरंजक बनाने के लिए नृत्य- संगीत का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में छात्र- प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन सराहनीय रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ललिता कृष्णास्वामी ने मुख्य अतिथियों को आदर व सम्मान का प्रतीक सिरोपा और विद्यालय का स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।