देहरादून, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर देहरादून में ईट राइट यूथ हैकाथन उत्तराखंड 2026 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभा करने के लिए महाविद्यालय स्तर पर पांच सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया गया । उक्त प्रतियोगिता का आयोजन राज्य सरकार के उच्च शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय विकास संगठन न्यूट्रीशन कनेक्ट (गेन) इंडिया तथा एफडीए उत्तराखंड द्वारा किया जा रहा है। प्राचार्य की अध्यक्षता एवं नोडल अधिकारी डॉ० वाई०सी० नैनवाल के दिशा निर्देशन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता के तीन स्तंभों ईट राइट, ईट हेल्थी तथा ईट सस्टेनेबल स्तंभों के अंतर्गत नवाचार से संबंधित अपने महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किये। निर्णायकों की भूमिका में प्रो० पूजा कुकरेती, प्रो० ज्योति खरे, पूजा रानी तथा रीना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया । इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ० यतीश वशिष्ठ ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं में नवाचार की भावना का विकास होता है,जिससे वे राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे पाते हैं । नोडल अधिकारी डॉ० वाई०सी०नैनवाल ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया । इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।